चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर चतरा पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वशिष्टनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक डाक-पार्सल पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 04 अक्टूबर 2026 को गश्ती एवं वाहन चेकिंग के क्रम में जोरी थाना गेट के समीप संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग के एक डाक-पार्सल पिकअप वाहन को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई। पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने अपना नाम विकाश कुमार उर्फ विकेश कुमार राय (27 वर्ष), निवासी मढ़ौरा, थाना तरैया, जिला सारण (छपरा), बिहार बताया है।


पूछताछ के क्रम में चालक ने पुलिस को बताया कि पिकअप वाहन के पीछे बने कमपार्टमेंट में अवैध शराब लदी हुई है। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान डाक-पार्सल पिकअप वाहन के पीछे के कमपार्टमेंट से Officer’s Choice कंपनी की कुल 200 कार्टून/पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।


पुलिस के मुताबिक प्रत्येक कार्टन/पेटी में 180 एमएल की 48 बोतलें थीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 1728 लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त करने के साथ ही पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

मामले को लेकर वशिष्टनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी विकाश कुमार उर्फ विकेश कुमार राय को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस द्वारा शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों एवं नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने Officer’s Choice कंपनी की 200 कार्टून/पेटी अवैध विदेशी शराब, जिसमें करीब 1728 लीटर अवैध शराब बताये जा रहे हैं को जब्त किया है। वहीं एक डाक पार्सल पिकअप वैन भी जब्त किया गया है।

छापामारी दल में स.अ.नि. रमापति कुम्हार,हवलदार रास बिहारी शुक्ला, देववंश कुमार, जितेन्द्र कुमार दास एवं मनोज कुमार सिन्हा शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *