अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति की बैठक, पेशेंट फ्लो और वर्कफ्लो को वैज्ञानिक बनाने पर जोर

राज्य के निर्माणाधीन एवं निर्मित अस्पतालों की समग्र योजना जिसमें मरीज की सुविधा, अस्पतालों की महत्वपूर्ण इकाइयों यथा आईसीयू, सीसीयू, एचडीयू, ऑपरेशन थियेटर (ओटी), आईपीडी, कैथ लैब, डायग्नोस्टिक एवं रेडियोलॉजी सेंटर के उपयुक्त स्थल निर्धारण किया जाने हेतु विभागीय स्तर से रिम्स तथा अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थानों के विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है जिसकी बैठक आज श्री अजय कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

समिति का मुख्य उद्देश्य निर्माणाधीन एवं निर्मित मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों की योजनाओं की समग्र समीक्षा करना तथा भवन डिजाइन में आवश्यक संशोधन कर मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

समिति का दायित्व निर्माणाधीन परियोजनाओं के मौजूदा डिजाइन का गहन परीक्षण करना और जहां आवश्यकता हो, वहां संशोधन या पुनर्रचना के लिए स्पष्ट अनुशंसा करना है। इसके साथ ही एकेडमिक भवन, आवासीय परिसर और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स जैसे आधारभूत संरचनाओं के समुचित विस्तार और स्थान निर्धारण पर भी समिति सुझाव देगी।

अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि निर्माण एजेंसियां अपने विशेषज्ञ परामर्शदाताओं के साथ समिति के समक्ष विस्तृत डिजाइन, योजना और विभागीय व्यवस्थाओं का प्रस्तुतिकरण करें। साथ ही भवन निर्माण विभाग और अन्य संबंधित स्टेकहोल्डर्स की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सरकार की इस पहल से राज्य के अस्पतालों में सुविधाओं का स्तर सुधारने और मरीजों को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।

इस समिति में रिम्स और अन्य संस्थानों के वरिष्ठ चिकित्सक एवं विशेषज्ञ शामिल हैं, जिनमें कार्डियोलॉजी, क्रिटिकल केयर, मेडिसिन, सर्जरी, ऑन्कोलॉजी, पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ शामिल हैं।

समिति में शामिल सदस्य

इस उच्चस्तरीय समिति में रिम्स के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. हेमंत नारायण एम, क्रिटिकल केयर विभाग के प्रोफेसर डॉ. प्रदीप कुमार भट्टाचार्य, डॉक्टर प्रकाश कुमार बोथरा, डॉक्टर निशीथ एक्का, मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. अजीत कुमार डुंगडुंग तथा सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार कमाल को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा सदर अस्पताल, रांची के ऑन्कोलॉजी विभाग के डॉ. गुंजेश कुमार सिंह, रिम्स के पैथोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. अंशु जमैयार और रेडियोलॉजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अनीश कुमार चौधरी भी समिति में शामिल हैं। साथ ही जेएसबीसीसीएल के जीएम स्तर के अधिकारी को भी समिति का सदस्य बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *