*पैतृक गांव नेमरा में उमड़ा जनसैलाब, प्रशासन की व्यवस्था रही चुस्त-दुरुस्त।*
*देश एवं राज्यभर से पहुंचे अति विशिष्ट, विशिष्ट एवं आम जनमानस ने अर्पित की स्व० रूपी सोरेन की तस्वीर पर श्रद्धांजलि।*
*मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने स्वयं संभाली कमान, आगंतुकों से मिलकर जताया आभार*
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की पूजनीय माता दिवंगत स्व० रूपी सोरेन का संस्कार भोज कार्यक्रम आज उनके पैतृक गांव नेमरा में अत्यंत गरिमामयी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस दुःखद घड़ी में दिवंगत आत्मा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने और शोक संतप्त सोरेन परिवार को ढांढस बंधाने के लिए नेमरा गांव में हजारों की संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
*दिनभर लगा रहा अति विशिष्ट एवं विशिष्ट अतिथियों का तांता*
इस पावन और शोकपूर्ण अवसर पर देश और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्य हस्तियों, राजनीतिक दलों के नेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का दिनभर आना-जाना लगा रहा। कई अतिविशिष्ट एवं विशिष्ट अतिथियों ने नेमरा पहुंचकर दिवंगत स्व० रूपी सोरेन जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने सोरेन परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
*मुख्यमंत्री ने स्वयं देखी व्यवस्था, आगंतुकों से की मुलाकात*
शोक की इस घड़ी में भी मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने एक सजग और संवेदनशील मेजबान की भूमिका निभाई। उन्होंने स्वयं कार्यक्रम स्थल की तमाम व्यवस्थाओं की निगरानी की ताकि दूर-दराज से आने वाले किसी भी आगंतुक को असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पहुंचे प्रत्येक विशिष्ट अतिथि और आम जनमानस से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनका अभिवादन स्वीकार किया और दुःख की इस घड़ी में साथ खड़े होने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
*प्रशासन ने संभाली कमान, चुस्त-दुरुस्त रही नेमरा की व्यवस्था*
हजारों की संख्या में जुटी भीड़, वीवीआईपी एवं वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल ने सुरक्षा एवं यातायात की कमान पूरी तरह संभाल रखी थी। नेमरा गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के अभूतपूर्व और कड़े इंतजाम किए गए थे। वाहनों की पार्किंग, सुचारू यातायात, और आगंतुकों के बैठने व भोजन की व्यवस्था को बेहद अनुशासित तरीके से संचालित किया गया। लोगों को जानकारी देने के लिए माइक से लगातार अनाउंसमेंट किया जा रहा था। योजनाबद्ध तरीके से सारी व्यवस्थाएं की गई थी, जिस वजह से आगंतुकों को कई असुविधा नहीं हुई। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण इतने बड़े आयोजन में कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली और पूरा कार्यक्रम अत्यंत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
*मुख्यमंत्री ने जताया जनता का आभार*
संस्कार भोज कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री एवं उनके परिवार की ओर से इस दुःखद समय में संबल प्रदान करने वाले सभी नागरिकों, शुभचिंतकों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया गया।