डॉक्टर को दी गई हैंड्स ऑन ट्रेंनिंग, 25 करोड़ रुपए में खरीदी जाएगी मशीन

सिविल सर्जन ने विभाग को भेजा मशीन खरीदने का प्रस्ताव

रांची: रांची का सदर अस्पताल लगातार स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं के बाद अब रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत होने जा रही है। इस अत्याधुनिक तकनीक के आने से जटिल से जटिल ऑपरेशन और अधिक सटीकता के साथ किए जा सकेंगे। गुरुवार को सदर अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी मशीन का डेमो दिया गया, जिसमें सभी सर्जनों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। डॉक्टरों को इस मशीन पर ‘हैड्स-ऑन ट्रेनिंग’ भी दी गई।

इस हाई-टेक मशीन की अनुमानित कीमत 25 करोड़ रुपए है। सिविल सर्जन ने इसका प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग को भेज दिया गया है और अब इस पर कैबिनेट की स्वीकृति का इंतजार है। सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद के अनुसार, इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए 6 महीने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी पहले ही एआई समिट में झारखंड में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने की घोषणा की थी।

डीएस डॉ विमलेश सिंह ने कहा कि नई तकनीक के शुरू होने से न केवल रांची बल्कि पूरे राज्य के मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज की सुविधा कम खर्च और बेहतर परिणामों के साथ मिल सकेगी। हम लोग अस्पताल में लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रहे हैं। सुपर स्पेशलिटी सुविधाओं से लैस इस अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी मरीज के लिए वरदान से काम नहीं होगी। 

सर्जन डॉक्टर आरके सिंह ने कहा कि हम लोग जटिल से जटिल ऑपरेशन हाथों से करते थे जो अब रोबोट की मदद से की जाएगी। उन्होंने कहा कि सर्जरी में डॉक्टर गड़बड़ी कर सकता है लेकिन रोबोट नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *