राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कार्यकाल का विस्तार, राज्यों के साथ MoU 30 सितंबर तक बढ़ा
नई दिल्ली/राँची: भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कार्यकाल को अगले छह महीनों के लिए विस्तार देने की घोषणा की है। मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, अब यह मिशन और इससे संबंधित राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के साथ हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (MoU) 30 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेंगे।
मंत्रालय के अवर सचिव (Under Secretary) अंशु कुमार द्वारा जारी इस निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के परामर्श के बाद, 16वें वित्त आयोग के चक्र तक इन योजनाओं को अंतरिम रूप से जारी रखने की मंजूरी दी गई है। आदेश में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मिशन निदेशकों को निर्देशित किया गया है कि वे एनएचएम के तहत चल रही स्वास्थ्य गतिविधियों और सेवाओं का निरंतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। साथ ही, आगामी वित्त आयोग के चक्र के तहत योजनाओं के मूल्यांकन और अनुमोदन के लिए आवश्यक प्रस्तावों को समय पर प्रस्तुत करने में सहयोग की अपेक्षा की गई है। इस विस्तार से देश भर में चल रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को सुचारू रूप से चलाने में मदद मिलेगी।