रांची: झारखंड में ग्रामीण विकास योजनाओं की रफ्तार और क्रियान्वयन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर योजनाओं की स्थिति सरकारी दावों से मेल नहीं खाती। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में कामकाज की धीमी गति और निगरानी की कमजोरियों ने योजनाओं के उद्देश्य को प्रभावित किया है। 

रमाकांत महतो ने विधानसभा में पेश नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और जल जीवन मिशन से जुड़े आंकड़े सामने रखे। उनके अनुसार, 2019-20 से 2023-24 के बीच मनरेगा के तहत तय किए गए एक करोड़ दो लाख से अधिक कार्यों में से मार्च 2024 तक केवल 27 प्रतिशत ही पूरे हो पाए, जबकि 50 लाख से ज्यादा कार्य अधूरे रहे और उन पर 2,633 करोड़ रुपये खर्च हो चुके थे। 

उन्होंने यह भी कहा कि इसी अवधि में अकुशल श्रमिकों की 321.84 करोड़ रुपये की मजदूरी मार्च 2025 तक बकाया रही तथा माप पुस्तिका और मस्टर रोल के रखरखाव में अनियमितताएं सामने आईं। आवास योजना पर बोलते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 2016 से 2024 के बीच स्वीकृत करीब 15.92 लाख आवासों में से जनवरी 2025 तक 15.62 लाख से अधिक पूरे हुए, उपलब्ध 20,199.98 करोड़ रुपये में से 14,113 करोड़ रुपये खर्च किए गए और 6.32 लाख पात्र परिवार योजना का लाभ पाने से वंचित रह गए। वहीं जल जीवन मिशन को लेकर उन्होंने बताया कि स्वीकृत 98,067 योजनाओं में से दिसंबर 2024 तक महज 28 प्रतिशत यानी 27,249 योजनाएं ही पूरी हो सकीं और मार्च 2025 तक 62.53 लाख ग्रामीण परिवारों में से केवल 55 प्रतिशत को नल जल कनेक्शन मिल पाया, जबकि राष्ट्रीय औसत 80 प्रतिशत है। 

रमाकांत महतो ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से पूछा कि मजदूरों का बकाया, अधूरे काम और धीमी प्रगति के लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई हुई है और केवल समीक्षा बैठकों से जमीनी तस्वीर कैसे बदलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि सरकार कैग की आपत्तियों पर स्थिति स्पष्ट करे और समयबद्ध सुधारात्मक कदम उठाए ताकि योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed