रांची: रांची लोकसभा क्षेत्र में लोगों को फैटी लिवर की समस्या से बचाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘फैटी लिवर मुक्त रांची अभियान’ की शुरुआत कर दी गई है। रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ की पहल पर शुरू हुए इस अभियान का शुभारंभ सीसीएल सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया और जाने-माने लिवर विशेषज्ञ पद्मभूषण डॉ. एसके. सरीन विशेष रूप से मौजूद रहे। अभियान के तहत करीब दो करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से तैयार दो अत्याधुनिक जांच वाहनों को रवाना किया गया, जिनके जरिए क्षेत्र के लोगों को घर के नजदीक निःशुल्क फैटी लिवर जांच की सुविधा मिल सकेगी। इसका मकसद शुरुआती चरण में ही बीमारी का पता लगाकर लोगों को बड़ी स्वास्थ्य दिक्कतों से सुरक्षित रखना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने इस पहल की प्रशंसा की और कहा कि जनस्वास्थ्य को लेकर उठाया गया यह कदम काफी सराहनीय है। वहीं, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने लोगों से अपनी रोजमर्रा की आदतों और जीवनशैली में बदलाव लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर अपनी सेहत को लेकर बेपरवाह रहते हैं, जबकि समय पर भोजन करने, पर्याप्त नींद लेने, पैदल चलने और साइकिल चलाने जैसी आदतें बेहद जरूरी हैं। उन्होंने जोर दिया कि कामकाज और तकनीक के बीच शरीर को भी सक्रिय रखना चाहिए और अपनी सेहत की जिम्मेदारी खुद लेनी होगी, तभी यह अभियान अपने लक्ष्य तक पहुंच पाएगा। रांची से शुरू हुई यह पहल आगे चलकर पूरे देश के लिए जागरूकता की दिशा में मिसाल बन सकती है।

अभियान के सूत्रधार रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित और स्वस्थ भारत के संकल्प से प्रेरित होकर यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि आज के दौर में खानपान की बदलती आदतों और कम होती शारीरिक सक्रियता के चलते फैटी लिवर तेजी से बढ़ रही समस्या है, जिसका पता कई बार तब चलता है जब स्थिति गंभीर हो जाती है। इसलिए समय पर जांच और जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह मुहिम केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ रांची और स्वस्थ समाज बनाने का एक सामूहिक संकल्प है।
डॉ. एसके. सरीन ने कहा कि हृदय रोग, ब्लड प्रेशर और कैंसर जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां आज बड़ी चुनौती बन गई हैं। इनसे बचने के लिए बीमारी के बढ़ने का इंतजार करने के बजाय समय पर जांच, संतुलित आहार और नियमित व्यायाम अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि झारखंड का पारंपरिक खानपान और स्थानीय थाली फैटी लिवर से बचाव में काफी मददगार हो सकती है, इसलिए लोगों को अपनी पारंपरिक आहार व्यवस्था और स्वस्थ दिनचर्या को अपनाना चाहिए।
इस कार्यक्रम में रांची के विधायक सी.पी. सिंह, हटिया के विधायक नवीन जायसवाल, मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, भाजपा के विभिन्न जिला पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।