रांची: ‘अकवान’ तूफान से खराब हुई फसलों के मुआवजे को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सोमवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों और बीमा कंपनियों को निर्देश दिया कि प्रभावित किसानों का एक भी बीमा दावा लंबित न रहे और उन्हें समय पर मुआवजा मिले।
बैठक में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, बीमा कंपनियों के अधिकारी तथा सभी जिलों के कृषि और सहकारिता पदाधिकारी मौजूद थे। कृषि मंत्री ने कहा कि बीमा दावों के निपटारे में लापरवाही, तकनीकी अड़चन या अनावश्यक कागजी कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को मुआवजे के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए सभी संबंधित पक्षों को मिशन मोड में काम करना होगा।
दावों की पारदर्शी और तेज निगरानी के लिए हर जिले में एक विशेष डैशबोर्ड बनाने का निर्देश दिया गया है। कृषि विभाग, निदेशालय, बैंकों और बीमा कंपनियों को इस डैशबोर्ड की पहुंच मिलेगी, जिससे आवेदनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। साथ ही, वास्तविक नुकसान का आकलन कर न्यायसंगत भुगतान के लिए जिलावार वर्षा, फसल क्षति और प्राप्त दावों की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।
किसानों की सुविधा के लिए प्रत्येक जिले में जिला कृषि पदाधिकारी और बीमा कंपनियों की ओर से पांच-पांच व्हाट्सऐप नंबर जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, जिन पर किसान सीधे फसल नुकसान की जानकारी और दावे से जुड़े आवेदन भेज सकेंगे। मंत्री ने किसानों से अपील की कि स्थानीय आपदा या कटाई के बाद फसल को नुकसान होने पर 72 घंटे के अंदर टोल-फ्री नंबर 14447 पर सूचना दें। सूचना मिलने के 48 घंटे के भीतर बीमा कंपनी की टीम नुकसान का जायजा लेने पहुंचेगी। कृषि मंत्री ने बताया कि झारखंड देश का इकलौता राज्य है, जहां प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के हिस्से की प्रीमियम राशि का भुगतान भी राज्य सरकार करती है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों पर आर्थिक दबाव कम होता है और अधिक से अधिक किसान आपदा के खिलाफ सुरक्षा कवच से जुड़ पाते हैं।