रांची: बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ के संभावित असर को देखते हुए झारखंड सरकार ने कमर कस ली है। आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और संभावित आपदा से निपटने के लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जान-माल और फसलों के नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए प्रशासन पहले से मुस्तैद रहे और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान मौसम विभाग के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए बताया गया कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय यह चक्रवात उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम तथा दक्षिणी ओडिशा के तटों से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जो झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसका प्रभाव झारखंड के मौसम पर भी दिखने की संभावना है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 20 नवंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश तथा 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

झारखंड में फिलहाल लगभग 75 प्रतिशत धान की फसल खेतों में खड़ी है, जबकि करीब 25 प्रतिशत की ही कटाई हो पाई है। ऐसे में भारी बारिश से फसल गिरने, पानी भरने और अनाज खराब होने की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है। मंत्री ने निर्देश दिया कि बारिश से यदि फसलों को नुकसान पहुंचता है तो कृषि, अंचल और जिला प्रशासन मिलकर पंचायत व प्रखंड स्तर पर तुरंत सर्वे कराएं, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा और राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि किसानों की सालभर की मेहनत बर्बाद नहीं होने दी जाएगी और सरकार हर कदम पर उनके साथ है।

आपदा मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों, सिविल सर्जनों, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारियों, कृषि पदाधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है। जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने, कच्चे घरों को नुकसान और ग्रामीण सड़कों के प्रभावित होने जैसी स्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने का निर्देश दिया गया है। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर राहत व बचाव दल तैनात रखने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर भोजन, पेयजल और दवाइयों की व्यवस्था करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट करते हुए सभी सिविल सर्जनों को अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, एंबुलेंस और आपातकालीन सुविधाएं तैयार रखने का आदेश दिया गया है। मंत्री ने कहा कि बारिश और जलभराव के बाद डायरिया, बुखार व अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने उपायुक्तों को लगातार स्थिति की निगरानी करने और विभागों में बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed