रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी सिलसिले में महापौर रोशनी खलखो ने गुरुवार को शहर के प्रमुख छठ घाटों का दौरा कर वहां की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। महापौर ने तेतर टोली तालाब, दिव्यायन तालाब, भरम टोली छठ तालाब, जोड़ा तालाब, बड़गाई छठ तालाब, यूनिवर्सिटी कॉलोनी शनि मंदिर तथा पीएचईडी छठ घाट पहुंचकर साफ-सफाई, जलस्तर, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान घाटों पर स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
महापौर ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुरक्षा व सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी घाटों पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर बैरिकेडिंग, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, पर्याप्त लाइट और पहुंच पथ को सुगम बनाने का कार्य पूरा करने का आदेश दिया। इस निरीक्षण अभियान के दौरान स्थानीय वार्ड पार्षद अमित मुंडा (वार्ड 04), अवधेश बैठक (वार्ड 05), प्रीति रंजन (वार्ड 09) के साथ-साथ नगर निगम के कई पदाधिकारी और स्थानीय छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।