पलामू के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित गंभीर अपराधों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के तहत उंटारी रोड थाना में दर्ज मामले में पलामू पुलिस तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं घटना में प्रयुक्त टोटो एवं मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
*31 अक्टूबर को हुई थी घटना की प्राथमिकी*
31 अक्टूबर 2026 को एक नाबालिग पीड़िता द्वारा उंटारी रोड थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया गया कि ग्राम लकड़ाही, थाना उंटारी रोड से हुसैनाबाद जाने के क्रम में टोटो पर सवार तीन व्यक्तियों द्वारा उसके साथ छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विश्रामपुर चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों संदिग्ध अभियुक्तों को पूछताछ हेतु थाना लाया गया। पूछताछ के क्रम में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके पश्चात उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। साथ ही, उनकी निशानदेही पर कांड में प्रयुक्त टोटो एवं तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
*गिरफ्तार अभियुक्तों में ये हैं शामिल*
मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों में सुधोध दीक्षित, मुकेश दीक्षित, अभय दीक्षित शामिल हैं।
तीनों ग्राम भदुमा, थाना उंटारी रोड, जिला–पलामू के रहने वाले हैं।
*छापामारी दल में ये थे शामिल*
छापामारी दल में विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चिरंजीवी मंडल, पांडू अंचल कैंप रेहला के पुलिस निरीक्षक सोनू कुमार चौधरी, उंटारी रोड के थाना प्रभारी पु०अ०नि० संतोष गिरि, स०अ०नि० साधुचरण दास एवं उंटारी रोड थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
*सुरक्षा के लिए पलामू पुलिस तत्पर, आमलोगों से की अपील :*
पलामू पुलिस महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों से अपील है कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल-112 पर सूचना दें।