जनगणना कार्य को सुचारू, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित ब्लॉक-सी के सभागार में जनगणना के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रशिक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, निर्धारित दिशा-निर्देशों, कार्य निष्पादन की तकनीकी बारीकियों तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गयी।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मियों को आवश्यक जानकारी एवं तकनीकी दक्षता प्रदान करना है, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन निर्धारित मानकों के अनुरूप सही एवं प्रभावी तरीके से कर सकें। इस दौरान जनगणना कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।
*उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित*
जनगणना के प्रथम चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो कर्मियों को उपायुक्त-सह-प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी, पलामू द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में परितोष प्रियदर्शी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, हरिहरगंज एवं नौडीहा बाजार तथा पंकज कुमार पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, पलामू (प्रतिनियुक्त जिला जनगणना कोषांग) शामिल हैं।
इस पहल का उद्देश्य जनगणना कार्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मियों का उत्साहवर्धन करना तथा अन्य कर्मियों को भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित करना है।
प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी ने दोनों कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसकी सफलता के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय भागीदारी, कर्तव्यनिष्ठा तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मानित कर्मियों की कार्यशैली से अन्य कर्मियों को भी प्रेरणा मिलेगी और जनगणना के आगामी चरणों में सभी कर्मी पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
*प्रशिक्षण में कई पदाधिकारी रहे उपस्थित*
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्त्ता-सह-जिला जनगणना पदाधिकारी कुंदन कुमार, प्रशिक्षु आईएएस-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, छतरपुर ऋत्विक मेहता, अनुमंडल पदाधिकारी, मेदिनीनगर सदर एवं हुसैनाबाद, जिला योजना पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना पदाधिकारी रमण कुमार तथा जनगणना निदेशालय से संजय कुमार एवं प्रेमप्रकाश पाठक उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त शहरी क्षेत्र के सभी चार्ज पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी एवं सहायक चार्ज पदाधिकारी भी प्रशिक्षण में शामिल हुए।
[…] https://zindagijindabaad.com/training-for-the-second-phase-of-the-census-has-begun/ […]