पलामू के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु का शव मुंह में दबाकर घूमता दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर अस्पताल कर्मियों और मरीजों के परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर अस्पताल प्रशासन और पुलिस चौकी के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस नवजात के शव के स्रोत और घटना से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाने में लग गई है। पुलिस इस नवजात के शव मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, कि नवजात बच्चा एमएमसीएच का है अथवा उसके बाहर का। आखिर किस परिस्थिति में माता-पिता नवजात को छोड़े होंगे और वह कुत्ते का निवाला बन गया। यह मामला मेदिनीनगर शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। साथ ही इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
