असामाजिक तत्वों पर रखें नजर, अफवाहों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचें : डीसी-एसपी
आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को मेदिनीनगर स्थित टाउन हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने पूजा समिति एवं अखाड़ा समिति के प्रतिनिधियों के साथ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान पूजा समितियों से आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि पलामू में शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की परंपरा रही है। इस परंपरा को आगे भी कायम रखना है। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा उन्हें सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का अवसर नहीं देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूजा समितियां कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से प्रशासन का सहयोग कर सकती हैं। इसके लिए समितियां अपने वॉलंटियर्स को चिह्नित करें और उन्हें विशेष पहचान पत्र जारी करें, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी सामूहिक पहल करने की आवश्यकता जताई।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा कि प्रत्येक पर्व के दौरान पुलिस की जिम्मेदारियां अलग-अलग होती हैं, लेकिन सभी का उद्देश्य शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचने की अपील की।
वहीं, मेदिनीनगर नगर निगम के नगर आयुक्त रंजीत लाल ने कहा कि पर्व के दौरान स्ट्रीट लाइट से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
बैठक में पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, अग्निशमन व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता, बिजली की सुरक्षित व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को देने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन की ओर से सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया, ताकि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे। पूजा समितियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई। इस दौरान पूजा एवं अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने पर्व के आयोजन से जुड़ी अपनी समस्याओं एवं सुझावों से जिला प्रशासन को अवगत कराया।
बैठक में नगर आयुक्त रंजीत लाल, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,विभिन्न अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी तथा पूजा समिति एवं अखाड़ा समिति के प्रतिनिधि उपस्थित थे।