12वीं राष्ट्रीय इन्सपायर अवॉर्ड मानक प्रतियोगिता 12-14 अक्तूबर तक दिल्ली में

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान द्वारा 12वीं इंस्पायर अवॉर्ड-मानक प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 14 अक्तूबर तक दिल्ली के भारत मण्डपम में किया गया है.प्रतियोगिता में झारखंड के 30 बाल वैज्ञानिक भाग लेंगे. टीम 10 अक्तूबर को रांची रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी. निदेशक माध्यमिक शिक्षा राजेश कुमार बाल वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित कर रवाना करेंगे.
जिला स्तरीय प्रतियोगिता होगी ऑफलाइन
क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक सह राज्य नोडल पदाधिकारी नीलम आईलिन टोप्पो ने वर्ष 2026 के नॉमिनेशन को लेकर राज्य स्तरीय ऑनलाइन बैठक की. उन्होंने बैठक में जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी सह प्रोजेक्ट प्रतियोगिता का आयोजन ऑफलाइन कराने की घोषणा की. उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारियों से 50 हजार नॉमिनेशन के लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया. सहायक राज्य नोडल डॉ शाहनवाज क़ुरैशी ने बताया कि अब तक राज्य में 39570 नॉमिनेशन हो चुका है. नॉमिनेशन की अंतिम तिथि 10 अक्तूबर है. इसमें पलामू 4596 नॉमिनेशन के साथ पहले, धनबाद (2828) दूसरे, राँची (2636) तीसरे, हजारीबाग (2590) चौथे और पूर्वी सिंहभूम (2490) पांचवें स्थान पर है. पलामू राष्ट्रीय स्तर पर सर्वाधिक नॉमिनेशन वाले टॉप 50 जिलों में स्थान प्राप्त करने वाला एकलौता जिला भी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *