युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat’ अभियान के अंतर्गत 4 अक्टूबर 2026 को रांची में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत पदयात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन MY Bharat Jharkhand द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम, मोरहाबादी से होगा। पदयात्रा का उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ एवं विधायक, रांची सी.पी. सिंह द्वारा किया जाएगा। प्रतिभागी इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम से बापू वाटिका होते हुए लगभग 4 किमी की पदयात्रा कर पुनः स्टेडियम लौटेंगे।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में युवा एवं MY Bharat Youth Volunteers भाग लेंगे। पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ नशामुक्त जीवन के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करना तथा युवाओं में सामूहिक संकल्प एवं सकारात्मक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
पदयात्रा के उपरांत इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम में सांस्कृतिक दल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
MY Bharat झारखंड की राज्य निदेशक ललिता कुमारी ने बताया कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत आयोजित यह पदयात्रा युवाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस एवं नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करने तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।