Jharkhand: मंत्री सुदिव्य सोनू का निधनJharkhand: मंत्री सुदिव्य सोनू का निधन

झारखंड सरकार के मंत्री और JMM के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन, राज्य में शोक की लहर

रांची/गिरिडीह: झारखंड सरकार में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री और गिरिडीह सदर से विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का देर रात अचानक निधन हो गया। उनके असमय चले जाने से पूरे राज्य और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) में शोक की लहर दौड़ गई है। सुदिव्य कुमार सोनू को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बेहद करीबी और भरोसेमंद सहयोगियों में गिना जाता था।

अचानक बिगड़ी तबीयत

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू खाना खाने के बाद सोने गए थे। देर रात अचानक उन्हें बेचैनी महसूस होने लगी। तबीयत बिगड़ते देख परिजन और समर्थक उन्हें तुरंत गिरिडीह के एक स्थानीय अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

झामुमो परिवार स्तब्ध, दी भावभीनी श्रद्धांजलि

सुदिव्य सोनू के निधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा को बड़ा झटका लगा है। पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए लिखा:

“ज़िंदगी की क्षणभंगुरता… कल तक जो साथी हमारे बीच थे, आज उनकी स्मृतियाँ ही हमारे साथ हैं। जीवन की अनिश्चितता हमें एक बार फिर गहरे दुःख और शोक में छोड़ गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्पित साथी एवं झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के असामयिक निधन से पूरा झामुमो परिवार स्तब्ध और मर्माहत है। उनका जाना पार्टी, सरकार और झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार एवं सभी साथियों को इस कठिन घड़ी में संबल दें। अंतिम जोहार।”

राज्य के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, मंत्रियों और समर्थकों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और इसे राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *