जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित झारखंड के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के सहयोग से आगामी 10 और 11 अप्रैल 2026 को रांची के सदर अस्पताल में जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित नवजातों और बच्चों के लिए दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखण्ड के अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा ने बताया कि 10 व 11 अप्रैल को आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञों द्वारा बच्चों की हृदय संबंधित जाँच और ईको टेस्ट किया जाएगा। जाँच के उपरांत जिन बच्चों में सर्जरी की आवश्यकता पाई जाएगी, उनका निःशुल्क ऑपरेशन अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि में कराया जाएगा।
इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए राज्य स्तर पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के समन्यवक मुकेश कुमार (मोबाइल 7250364329) और अमृता हॉस्पिटल के प्रतिनिधि आदित्य कुमार (मो. 9162999702) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान निदेशक ने सभी जिलों के सिविल सर्जन को निर्देशित किया है कि वे अपने क्षेत्र के चिन्हित बच्चों की सूची यथाशीघ्र अनिवार्य रूप से राज्य मुख्यालय को उपलब्ध करा दें और ग्रामीण क्षेत्रों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को इस निःशुल्क सुविधा का लाभ मिल सके। सदर अस्पताल, रांची में शिविर की व्यवस्था के लिए जिला कार्यक्रम प्रबंधक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखण्ड के आईईसी कोषांग के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ राहुल किशोर सिंह ने आमजनों से अपील की है कि इस शिविर का लाभ लेने हेतु यथाशीघ्र अपने नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा सदर अस्पताल में सम्पर्क करें। उन्होंने नगर निकाय और नगर पंचायत के सभी सम्मानित जनप्रतिनिधियों से भी आग्रह किया है कि अपने आस पड़ोस में ह्रदय रोग से ग्रसित नवजात या बच्चों के अभिभावकों से इस शिविर की जानकारी साझा करें।