रांची: हरमू रोड स्थित एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को वार्षिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्कूल परिसर में नवनिर्मित लिफ्ट का भी उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान, गणित, पर्यावरण, कला, सामाजिक विज्ञान और नवाचार पर आधारित अपने आकर्षक मॉडल और रचनात्मक प्रस्तुतियां पेश कर अपनी अद्भुत प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की सह-संस्थापिका सुशीला हेम्ब्रम, सचिव अनुज हेम्ब्रम, कुंदन हेम्ब्रम, रॉबिन हेम्ब्रम, सुलोचना हेम्ब्रम और हिमांशु दुबे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर कैराली स्कूल के प्राचार्य राजेश पिल्लई और सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य ललन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने बच्चों द्वारा बनाए गए सभी मॉडलों का बारीकी से अवलोकन किया और उनकी मेहनत व कल्पनाशीलता की जमकर सराहना की।

इस दौरान विद्यालय के निदेशक कुणाल कश्यप ने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य सिर्फ किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान का हुनर विकसित करना है। वहीं, प्राचार्य शादान आलम ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप में ढालना सीखते हैं।

प्रदर्शनी में भारी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके प्रोजेक्ट्स की जानकारी ली। शिक्षकों और विद्यार्थियों के मिले-जुले प्रयासों से यह आयोजन बेहद सफल रहा, जिसके अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों और अभिभावकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *