गढ़वा के समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ मौसम 2026 में बीमित किसानों के अधिसूचित क्षेत्र एवं बीमित फसलों के सत्यापन को लेकर जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीमा कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए आवेदनों एवं संबंधित दस्तावेजों की गुणवत्ता जांच के उपरांत प्राप्त प्रतिवेदन पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा समिति को अवगत कराया गया कि खरीफ मौसम 2026 के लिए जिले के किसानों द्वारा कुल *1,00,674 आवेदन* किए गए, जिनके अंतर्गत कुल *72,611.36 हेक्टेयर* कृषि भूमि का बीमा कराया गया।

बीमा कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, दस्तावेजों की गुणवत्ता जांच एवं सत्यापन के दौरान विभिन्न दस्तावेजी विसंगतियों के कारण कुल *5,655 आवेदन, जिनका रकबा 17,955.69 हेक्टेयर है, अस्वीकृत* किए गए। वहीं, शेष *95,019 आवेदन, जिनका कुल रकबा 54,655.67 हेक्टेयर है, को जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।*

बैठक के दौरान उपायुक्त श्री मिश्रा ने फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विशेष बल दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए योजना के कार्यों का सुचारू एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उल्लेखनीय है कि फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य अधिसूचित जोखिमों के कारण फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में पात्र किसानों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना तथा कृषि क्षेत्र में जोखिम कम कर किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है। झारखंड जैसे कृषि प्रधान राज्य में यह योजना किसानों को खेती के प्रति आर्थिक सुरक्षा एवं भरोसा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

बैठक में अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, जिला सहकारिता पदाधिकारी कुमारदीप एक्का, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, प्रबंध निदेशक, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड, परियोजना प्रबंधक, आत्मा, जिला समन्वयक, बीमा कंपनी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *