भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के सफल संचालन को लेकर आज विकास भवन स्थित DRDA सभागार, लातेहार में जिला, अनुमंडल एवं चार्ज अधिकारियों तथा जिला स्तरीय जनगणना कोषांग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त संदीप कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके सफल संचालन के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ करना चाहिए। उन्होंने जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करने तथा प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारियों को गंभीरता से समझने पर जोर दिया, ताकि जनगणना कार्य को त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके।


यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनगणना कार्य में संलग्न पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली तथा दायित्वों के संबंध में प्रशिक्षित करना है, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू, सटीक एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराया जा सके।


प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के द्वितीय चरण के विभिन्न पहलुओं, कार्यों के निष्पादन तथा संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, जनगणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा जनगणना 2027 के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की क्षमता विकसित करते हुए जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, डीएलओ प्रभात कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ सुलेमान मुण्डरी, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, प्रखंड विकास पदाधिकारी,अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *